Friday 24 August 2012

शैतान भगाए, प्रेमी मिलवाए नमक जिंदगी का...!


रोमन साम्राज्य के काल में शिशुओं को जन्म के आठवें दिन नमक लगाया जाता था ताकि बुरी आत्माएँ उनसे दूर रहें! फ्रांस में तो बच्चे का बप्तिसमा होने तक उसकी रक्षा के लिए उसे नमक लगाकर रखा जाता था।
*******
 किसी खाद्य पदार्थ को खराब होने से बचाने के लिए उसे नमक में डालकर रखने के तरीके से तो हम सब वाकिफ हैं लेकिन यदि कोई अपने नवजात शिशु पर नमक चुपड़ दे तो...? बात अटपटी लग सकती है, बेतुकी भी लेकिन यकीन मानिए, ऐसी भी परंपरा रही है। रोमन साम्राज्य के काल में शिशुओं को जन्म के आठवें दिन नमक लगाया जाता था ताकि बुरी आत्माएँ उनसे दूर रहें! फ्रांस में तो बच्चे का बप्तिसमा होने तक उसकी रक्षा के लिए उसे नमक लगाकर रखा जाता था। पंद्रहवीं सदी में इस प्रथा पर कानूनी रोक लगने तक यह जारी थी। हॉलैंड वालों ने दूसरा रास्ता अपनाया, जिससे साँप भी मर जाए और लाठी भी टूटे। वे शिशु के पालने के एक कोने में नमक रख देते थे।

जाहिर है, नमक की ताकत पर इंसान का भरोसा बहुत गहरा और बहुआयामी था। बुरी आत्माओं और शैतान से लड़ने के लिए तो इसे कई संस्कृतियों ने अचूक अस्त्र माना है। पश्चिम में आज भी नमक ढुल जाना अपशकुन माना जाता है। इसके 'कुप्रभाव" से बचने के लिए तुरंत चुटकी भर नमक उठाकर अपने बायें कंधे से पीछे की तरफ फेंका जाता है। तर्क यह दिया जाता है कि शैतान हमारे पीछे बायीं तरफ से आक्रमण करता है। नमक ढुलने के अपशकुन का फायदा उठाते हुए वह ढोलने वाले की आत्मा पर कब्जा जमाने के लिए आगे बढ़ता है। बायें कंधे से पीछे की ओर नमक उछालने से वह सीधे शैतान की आँखों में जा गिरता है और व्यक्ति उसके आक्रमण से बच जाता है। बौद्ध परंपरा में भी नमक छिड़ककर बुरी आत्माओं से रक्षा करने की बात कही गई है। जापान में सूमो पहलवान अखाड़े में प्रवेश करने से पहले वहाँ कुछ नमक छिड़ककर उसे शैतानी आत्माओं से मुक्त करते हैं।

ब्रिटेन में 'पाप भक्षक" की प्रथा सदियों तक कायम थी। इसमें मृत व्यक्ति के पाप अपने सिर लेने के लिए पेशेवर पाप भक्षकों को बुलाया जाता था। ये समाज के सबसे निचले स्तर पर बसर करने वाले लोग होते थे, जो बस्ती से दूर रहते और जिनके साये से भी लोग बचकर निकलते। किसी की मृत्यु होने पर पाप भक्षक को बुलाया जाता और दिवंगत के शव के ऊपर से उसे रोटी और कुछ अन्य खाद्य सामग्री दी जाती। इसे खाकर वह प्रतीकात्मक रूप से मृतक के पाप खा जाता, यानी उन्हें अपने सिर ले लेता। अब मृतक सीधे स्वर्ग के आनंद पाने के लिए स्वतंत्र होता और उसकी मृत्यु के बहाने पाप भक्षक को एक टाइम का खाना मिल जाता। बाद में यह परंपरा इतनी प्रतीकात्मक बन गई (या शायद लोग इतने कंजूस हो गए) कि बेचारे पाप भक्षक को मृतक के पापों के प्रतीक के रूप में मात्र रोटी और नमक ही दिया जाने लगा!

यह तो हुई बुरी आत्माओं, शैतानों और पापों से लड़ने में नमक की उपयोगिता। फ्रांस और स्पेन के सीमावर्ती इलाकों में नमक को उर्वरता का प्रतीक मानते हुए यह रिवाज था कि दूल्हा-दुल्हन शादी के लिए चर्च में प्रवेश करते समय अपनी बायीं जेब में थोड़ा नमक रखकर चलें। जर्मनी के कुछ इलाकों में अब भी दुल्हन के जूतों पर नमक छिड़कना शुभ माना जाता है। उधर यूनान के लोगों ने नमक का एक बिल्कुल अनूठा ही उपयोग ढूँढ निकाला है। वहाँ कहते हैं कि बिन बुलाए मेहमानों को भगाना हो तो उनके पीछे चुपके-से जाकर नमक छिड़क देने से वे चले जाते हैं! हाँ, यदि उन्होंने आपको नमक छिड़कते हुए देख लिया, तो यह नुस्खा काम नहीं करेगा...! वैसे यदि मेहमान गैरतदार हुए, तो आपको यह नुस्खा आजमाते देख समझ ही जाएँगे कि अब उनके चलने का समय गया है। मेहमानों को भगाने के अलावा नमक में बिछड़े प्रेमी/प्रेमिका को मिलाने की भी कूवत होती है। कुछ इलाकों में माना जाता है कि यदि आप लगातार सात दिन तक सुबह-सुबह नमक जलाते हैं, तो आपका बिछड़ा प्रेमी/प्रेमिका लौट आएगा/आएगी।

नमक के चमत्कारिक गुणों और इसके विवध उपयोगों के बारे में मनुष्य की जानकारी संभवत: लगभग आठ हजार साल पुरानी है। कहते हैं कि ईसा पूर्व 6050 में लोग नमकीन पानी के सोतों से नमक प्राप्त कर रहे थे! इतिहास गवाह है कि इसके गुणों को देखते हुए यह एक बेशकीमती वस्तु मानी जाती आई है। काफी समय तक अंतरराष्ट्रीय व्यापार में नमक का महत्वपूर्ण स्थान था। यहाँ तक कि इसके लिए युद्ध भी लड़े गए। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अँगरेजों द्वारा नमक पर लगाया गया कर और उसके विरोध में महात्मा गाँधी द्वारा की गई दांडी यात्रा से तो सब वाकिफ हैं लेकिन नमक पर टैक्स लगाकर तगड़ी कमाई करने का विचार बहुत पुराना था। इस पर सबसे पहला कर संभवत: चीन में 2200 ईसा पूर्व में लगाया गया था। तिब्बत में तो योरपीय यात्री मार्को पोलो ने पाया कि राजा ने नमक की डली पर अपना चित्र उत्कीर्ण कराकर उसे मुद्रा के रूप में चला दिया था! यूँ नमक के माध्यम से वस्तुओं (और गुलामों की भी) खरीद-फरोख्त कई स्थानों पर होती रही है।

नमक की खोज को लेकर चीन में प्रचलित दंतकथा कहती है कि एक दिन एक गरीब किसान को तिलिस्मी फीनिक्स पक्षी दिखाई दिया। उसने सुन रखा था कि यह पक्षी खुशकिस्मत लोगों को ही दिखता है और यह जहाँ नजर आए, वहाँ कोई खजाना जरूर पाया जाता है। किसान उसकी ओर बढ़ा, तो पक्षी उड़ गया। किसान ने खजाने के लिए उस जगह पर खुदाई शुरू कर दी। जब बहुत खोदने पर भी कोई खजाना हाथ नहीं लगा, तो उसने सोचा,'फीनिक्स का संकेत गलत नहीं हो सकता। कहीं यह मिट्टी ही तो खजाना नहीं?" उसने कुछ मिट्टी अपनी पोटली में बाँधी और घर ले आया। अगले ही दिन वह इसे एक टोकरी में रखकर राजा के पास चल दिया क्योंकि कानून के मुताबिक जिसे भी कोई खजाना मिले, उसके लिए राजा को सूचित करना अनिवार्य था। उसने दरबार में पहुँचकर राजा को सारी बात बताई और फिर अपनी टोकरी आगे कर 'खजाना" राजा को पेश कर दिया। खजाने के नाम पर मिट्टी देखकर राजा आग-बबूला हो गया और उसने किसान को मौत के घाट उतरवा दिया। किसी सेवक ने वह टोकरी उठाकर शाही रसोईघर में टांड पर रख दी। एक दिन रसोईया राजा के लिए गरमागरम सूप बनाकर ले ही जा रहा था कि उस टोकरी में से कुछ मिट्टी सीधे सूप में गिरी। राजा को भोजन परोसने में देर करना असंभव था, सो काँपते हाथों से रसोईए ने वही सूप परोस दिया। राजा को उसमें गजब का स्वाद आया। उसने रसोईए से पूछा कि इसमें क्या नया डाला! रसोईए ने सारी बात सच-सच बता दी। राजा ने टोकरी मँगाकर देखी तो पाया कि मिट्टी में कुछ सफेद कण मिले हुए थे। वह समझ गया कि यही वह खजाना है जो उस किसान को मिला था। उसने अपने आदमियों को उस स्थान पर नमक रूपी खजाने की खेती करने के लिए भेजा और पश्चाताप स्वरूप उस पूरे इलाके की जागीर किसान के बेटे को सौंप दी।