Sunday 25 February 2018

अमरत्व के फल की तलाश में भटकता इंसान


कोई आड़ू में, तो कोई सेब में और कोई समुद्र की गहराई में उगे पौधे में अमर होने का वरदान तलाशता है। मगर क्या अमर होने की चाह जीवन को ही व्यर्थ नहीं बना देती? जिस जीवन का अंत नहीं, उसे जीने में कैसा रस?
***

अमरत्व के प्रति आसक्ति शायद तभी से शुरू हो गई थी, जब से इंसान को जीवन और मृत्यु का भान हुआ। मृत्यु को पराजित करने के जुनून ने उसे अपनी कल्पनाओं के घोड़े बेलगाम दौड़ाने व अपनी खोजी वृत्ति को भरपूर आजमाने का मौका दिया। तमाम प्राचीन आख्यानों में किसी--किसी ऐसे नुस्खे का उल्लेख मिला है, जिससे अमरत्व की प्राप्ति होती हो। अमूमन अमरत्व के इस नुस्खे पर केवल देवताओं का अधिकार बताया गया है। साथ ही, मनुष्यों द्वारा उसे हासिल करने के प्रयासों के दिलचस्प किस्से भी सुनाए जाते आए हैं।
चीन में अमरत्व का राज खास प्रकार के आड़ू (पीच) में माना गया है। पश्चिमी चीन में प्रचलित किंवदंतियों के अनुसार, शी वांगमू (पश्चिम की राजमाता) कुनलुन पहाड़ों के बीच स्थित हरित कुंड के किनारे रहती थीं। उनके पास सृजन व संहार की शक्तियां थीं। जीवन, मृत्यु, रोग व उपचार उनकी इच्छा से संचालित होते थे। उन्होंने अपने बाग में तिलस्मी आड़ू के 3600 पेड़ लगा रखे थे। इन पेड़ों पर हर 3000, 6000 या 9000 वर्ष बाद फल पकते थे। हर 500 साल में एक बार शी वांगमू देवताओं को इन फलों की दावत के लिए आमंत्रित करती थीं। इनके सेवन से ही देवताओं का अमरत्व कायम रहता था। एक बार ऐसी ही एक दावत में वानर राज सुन वुकांग आ धमके और तिलस्मी फल चुराकर खा लिया। इससे उन्हें भी अमरत्व प्राप्त हो गया। अब देवता इस गुस्ताखी के लिए वानर राज को चाहकर भी मृत्युदंड नहीं दे सकते थे!
चीन से हजारों मील दूर उत्तरी योरप के मिथकों में तिलस्मी आड़ू की जगह स्वर्णिम सेब को अमरत्व का स्रोत कहा गया है। यहां इन सेबों की रखवाली का जिम्मा वसंत व उर्वरता की देवी इडुना पर था। एक बार चालबाज देवता लोकी ने इडुना का स्वर्णिम सेबों सहित अपहरण कर उन्हें राक्षस थियासी को सौंप दिया। स्वर्णिम सेबों की नियमित खुराक न मिलने के कारण देवताओं का चिर यौवन जाता रहा। बड़ी मुश्किल से उन्होंने लोकी पर दबाव बनाकर इडुना व सेबों को वापस प्राप्त किया, तब जाकर उनका अमरत्व कायम रह पाया।
सुमेरिया में सम्राट गिलगमेश के किस्से प्रचलित हैं। इनमें एक किस्सा बताता है कि अपने मित्र एंडीकू की मृत्यु से व्यथित गिलगमेश को स्वयं की मृत्यु की चिंता सताने लगती है। वह उतनापिश्तिम नामक व्यक्ति की तलाश में निकल पड़ता है, जिसे अमरत्व का वरदान प्राप्त है। उससे मिलने पर गिलगमेश उसे उसके अमरत्व का राज पूछता है। इस पर उतनापिश्तिम हंसकर उसे समझाता है कि अमरत्व की तलाश करने का मतलब है जीवन को व्यर्थ गंवाना। उतनापिश्तिम व उसके परिवार को अमरत्व विशिष्ट परिस्थितियों में प्राप्त हुआ था, क्योंकि उसने प्रलय के बाद पृथ्वी पर जीवन सुनिश्चित करने के लिए ईश्वर के आदेश पर एक विशेष नौका बनाई थी व उसमें विभिन्न् प्रजातियों के एक-एक जोड़े पशु-पक्षी को स्थान दिया था। उधर उतनापिश्तिम की पत्नी गिलगमेश को बता देती है कि समुद्र के तल में एक खास पौधा उगता है, जिसका सेवन करने से अमरत्व पाया जा सकता है। गिलगमेश समुद्र की गहराई में जाकर पौधा ले आता है और तय करता है कि वह अपने राज्य लौटकर किसी बुजुर्ग पर इसे आजमाकर देखेगा, फिर स्वयं इसका सेवन करेगा। मगर रास्ते में एक सांप उस पौधे को चुरा ले जाता है। हारकर गिलगमेश अपनी नश्वरता को स्वीकार कर लेता है। ठीक भी है। जीवन का रोमांच तो इसकी नश्वरता में ही है। अगर आप इसके खत्म न होने के प्रति आश्वस्त हो गए, तो फिर इसमें स्पंदन ही कहां बचेगा...?

No comments:

Post a Comment