Sunday 17 July 2016

एक रंग शौर्य, जादू और शरारत का

लाल रंग को कहीं शौर्य व शहादत का प्रतीक माना गया है, तो कहीं इसे सुरक्षा कवच के रूप में धारण किया गया है। यहां तक कि इसे सीधे-सीधे जादू से भी जोड़ा गया है। अब बताया जाता है कि यह आपको शरारती भी बनाता है...
***

लाल रंग देखकर आपको कैसा महसूस होता है? क्या गुस्सा आता है, पारा चढ़ जाता है? या फिर आप इसे 'रुको" की निशानी मानकर जो भी कर रहे हैं, उसे रोक देते हैं? अमेरिका के कुछ वैज्ञानिकों ने हाल ही में बाकायदा शोध करके दावा किया है कि कुछ लोगों में लाल रंग शरारत का भाव जगाता है! खास तौर पर, सनसनी की तलाश में रहने वाले लोगों में यह प्रतिक्रिया पाई गई। खैर, हो सकता है कि आप पर इस रंग का कोई और ही असर होता हो या कोई असर होता ही न हो...। यूं रंगों के संसार में लाल रंग हमेशा से अपनी खास ठसक लिए रहता आया है। ऐसा क्यों है, यह तय कर पाना जरा मुश्किल है। शायद इसमें नैसर्गिक रूप से मनुष्यों को मुग्ध करने की ताकत है। या फिर यह रंग बस, इसलिए हमें खास लगता है क्योंकि यह हमारी रगों में दौड़ते और हमें जीवित रखते खून का रंग है।
कारण जो भी हो, इतना तो तय है कि विभिन्ना रीति-रिवाजों आदि में इसका खास स्थान रहा है। अलग-अलग देश-समाज के लोगों ने इसे अलग-अलग रूपों में देखा। खून का रंग होने के कारण अनेक देशों में इसे वीरता, शौर्य और शहादत का प्रतीक स्वीकारा गया है। मध्यकाल में पोप तथा रोमन कैथलिक समुदाय के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी ईसा मसीह के रक्त के प्रतीक स्वरूप लाल वस्त्र धारण करते थे। इंग्लैंड की महरानी एलिजाबेथ प्रथम ने जब अपनी बहन मेरी को राजद्रोह के आरोप में मौत की सजा दी, तो मेरी लाल वस्त्र पहनकर अपना सिर कलम करवाने पहुंचीं। ऐसा करके वे यह संदेश देना चाहती थीं कि वे निर्दोष हैं और शहीद होने जा रही हैं।
कम्युनिस्ट शासन के कारण चीन को अक्सर लाल देश कहा जाता है मगर वहां लाल रंग का महत्व साम्यवाद के जन्म से भी कई सदियों पहले से रहता आया है। चीनी दर्शनशास्त्र के अनुसार, संसार पांच तत्वों से बना है: धातु, काष्ठ, जल, अग्नि व पृथ्वी। हर तत्व का प्रतीक कोई रंग होता है। इनमें अग्नि का प्रतीक लाल रंग है। साथ ही यह दक्षिण दिशा व ग्रीष्मकाल का भी प्रतीक है। इसे शौर्य, सम्मान, वफादारी, सफलता, अच्छी किस्मत, उर्वरता और प्रसन्नाता के साथ भी जोड़कर देखा जाता है। साथ ही इसे सुरक्षा कवच भी माना जाता है। कारण यह कि प्राचीन चीन में नियान नामक नरभक्षी दानव होने की मान्यता थी। कहा जाता था कि उसे लाल रंग सख्त नापसंद है, यदि आप लाल परिधान पहनें, तो इसके हमले का खतरा नहीं रह जाता। इसीलिए लोग लाल कपड़े पहनते थे और अपने घरों को लाल रंग से सजाते थे। लाल को शुभ रंग मानते हुए चीनी दुल्हनें लाल लिबास पहनती हैं। वहीं इसे मृत्यु का प्रतीक भी माना जाता है। किसी का निधन होने पर उसका नाम लाल स्याही से लिखा जाता है! उधर मिस्र में लाल रंग को जीवन का प्रतीक कहा जाता था। विरोधाभास यह कि किसी के निधन पर कहा जाता था कि वह 'लाल पड़ गया"! इसके साथ ही यह विनाश तथा विपदा का भी प्रतीक था। लोग आइसिस देवी से प्रार्थना करते थे कि हे देवी, हमें सारी विपदाओं और लाल वस्तुओं से बचाना! रोम में मंगल को युद्ध का देवता माना जाता था और चूंकि मंगल 'लाल ग्रह" है, सो इस रंग का संबंध भी युद्ध से जोड़ा गया। रोमन सेना के सैनिक लाल वर्दी धारण करते थे।
यूनान में जब दो लोग एक साथ एक ही बात बोलें, तो इसे अशुभ कहा जाता है। माना जाता है कि इससे दोनों में झगड़ा हो सकता है। इसका तोड़ यह है कि एक साथ कुछ बोलते ही दोनों किसी लाल वस्तु को छू लें या कम से कम यह बोल ही लें कि 'लाल छुओ!" लाल रंग को इस कदर चमत्कारी माना जाता था कि प्राचीन योरप की भाषाओं मंे 'जादू" शब्द की उत्पत्ति ही 'लाल" शब्द से हुई थी। योद्धा अपने शस्त्रों पर लाल रंग लगाते थे, ताकि उनमें जादुई शक्तियां आ जाएं। पशुओं व पेड़ों की रक्षा के लिए उन पर भी लाल रंग लगाया जाता था। जर्मनी में यह विश्वास था कि लाल कपड़े पहनने से बुखार से लेकर गर्भपात तक से बचा जा सकता है! उधर ठेठ पूर्व में जापान के लोगों की मान्यता रही है कि लाल रंग से दैत्य व रोग भाग निकलते हैं। पुरातन इसराइल में इस रंग को बुराई व मृत्यु से जोड़ा जाता था। किसी की हत्या करने पर कहा जाता था कि उसे लाल कर दिया गया। 'लाल कर्मों" में लिप्त होने का मतलब था बुरे कामों में रत होना।

मानना पड़ेगा, लाल रंग के कई रंग रहते आए हैं...! 

Sunday 3 July 2016

ईमानदारी के देवता से ईमानदार रोबोट तक

आज भले ही यह जुमला आम हो गया हो कि 'ईमानदारी का जमाना गया" मगर संसार भर का लोक साहित्य और पौराणिक आख्यान इसी ईमानदारी व सत्यनिष्ठा के महिमामंडन से भरे पड़े हैं और इनकी वांछनीयता को रेखांकित करते आए हैं।
***

यूं तो मशीनें बेईमानी नहीं करतीं मगर यदि इंसान ठीक अपने जैसी ही मशीन बनाने पर उतर आए, तो फिर एक बेईमान मशीन से रूबरू होने का जोखिम उठाने के लिए भी तैयार रहना होगा। आज इंसान ऐसे रोबोट बनाने में लगा हुआ है, जो अपने 'मन" से निर्णय लेने और काम करने में सक्षम हों। मगर उसके भीतर यह डर भी है कि कहीं रोबोट उसे धोखा देकर, गलत काम करके, खलनायक न बन बैठे। यह डर कई विज्ञान फंतासी फिल्मों में रोचक अंदाज में व्यक्त भी किया जा चुका है। अब गूगल के शोधकर्ता कुछ अन्य शोधकर्ताओं के साथ मिलकर ऐसे उपाय खोज रहे हैं, जिनसे रोबोट के मन में कोई अवांछित काम करने का खयाल न आए। मसलन, यदि किसी रोबोट को घर की साफ-सफाई के लिए प्रोग्राम किया गया है और सफाई करने पर उसे कोई पुरस्कार दिया जाता है, तो कहीं ऐसा न हो कि पुरस्कार हासिल करने की खातिर वह घर का कचरा साफ करने के बजाए उसे इधर-उधर छुपा दे। यानी एक ऐसे रोबोट की तलाश है, जो 'होशियार" हो मगर ज्यादा 'होशियारी" न दिखाए! ईमानदार बना रहे।
सभ्यता के विकास के बाद से मनुष्य ने ईमानदारी को एक आवश्यक गुण के रूप में स्थापित किया। सामाजिक व्यवस्था के संचालन और रिश्तों के निर्वाह के लिए यह जरूरी भी था। आज भले ही यह जुमला आम हो गया हो कि 'ईमानदारी का जमाना गया" मगर संसार भर का लोक साहित्य और पौराणिक आख्यान इसी ईमानदारी व सत्यनिष्ठा के महिमामंडन से भरे पड़े हैं और इनकी वांछनीयता को रेखांकित करते आए हैं। हमारे देश में तो राजा हरीशचंद्र का नाम ही सत्यनिष्ठा और ईमानदारी का पर्याय है। एक सत्यवादी की कथा मध्य-पूर्व में भी सुनाई जाती है। इसके अनुसार, अली नामक एक व्यक्ति था, जो कभी झूठ नहीं बोलता था। एक दिन राजा ने उसे परखना चाहा। उसे विश्वास नहीं था कि कोई ऐसा भी आदमी हो सकता है, जो कभी झूठ न बोले। जब अली ने राजा से कहा कि न तो उसने कभी झूठ बोला है और न ही कभी बोलेगा, तो राजा ने एक चाल चली। उसने एक दिन अली को बुलाया और उसके सामने घोड़े पर सवार होते हुए कहा, 'जाकर रानी साहिबा से कह दो कि हम शहर से बाहर जा रहे हैं और कल दोपहर को लौटेंगे।" अली वहां से चला गया, तो राजा घोड़े से उतर गया और यह सोचकर मन ही मन खुश हुआ कि अब अली अनजाने में ही सही, झूठ बोल देगा क्योंकि राजा तो कहीं जा ही नहीं रहा था! मगर अली ने जाकर रानी से कहा, 'राजा साहब ने मुझसे कहा है कि मैं आपसे कहूं कि वे शहर से बाहर जा रहे हैं और कल दोपहर को लौटेंगे।" रानी ने पूछा, 'कब निकले वो?" तो अली बोला, 'मैंने तो उन्हें बस घोड़े पर सवार होते देखा। वे बोले कि वे जा रहे हैं लेकिन हो सकता है कि वे न गए हों। वे बोले कि वे कल लौटेंगे मगर हो सकता है कि वे कल न लौटें।" जब राजा को यह पता चला, तो वे भी मान गए कि यह आदमी केवल वही सच बोलेगा, जो इसने अपनी आंखों से देखा है।
अनगिनत लोक कथाओं में झूठ और बेईमानी पर सत्य व ईमानदारी की जीत का बखान किया गया है। साथ ही, ईमानदारी व सत्यनिष्ठा के प्रतीक देवी-देवताओं को पूजा भी गया है। रोम में सैंकस को ईमानदारी, शपथ व विश्वास के देवता के रूप में पूजा जाता था। ऐसी आस्था थी कि वे विवाह, व्यापार, कानून आदि संबंधी शपथ की रखवाली करते हैं। यानी शपथ पर अमल को सुनिश्चित करते हैं। साथ ही, बेईमानी की सजा देते हैं। क्यूरिनल पहाड़ी पर स्थित उनके मंदिर में छत नहीं बनाई गई थी, ताकि लोग वहां आकर खुले आकाश के नीचे शपथ ले सकें। इसी प्रकार फाइडीस को विश्वास की देवी माना जाता था। रोमन सीनेट द्वारा दूसरे देशों के साथ की जाने वाली संधियों को फाइडीस के मंदिर में ही रखा जाता था।

एक भारतीय लोककथा में एक राजा एक अन्य ईमानदार व्यक्ति की परीक्षा लेता है। इस गरीब मजदूर के पास अपनी बेटी की शादी कराने के लिए पैसे नहीं थे। शुभचिंतकों की सलाह मानकर वह राजा के पास मदद मांगने के लिए गया। राजा ने उसे आश्वासन दिया कि तुम शादी की तैयारियां करो, शादी से 10 दिन पहले मेरे पास आकर पैसे ले जाना। मजदूर खुशी-खुशी गया और बेटी की शादी की तैयारियां करने लगा। मगर शादी से 10 दिन पहले जब वह राजा के पास पैसे लेने गया, तो राजा ने उसे फूटी कौड़ी देने से भी इनकार कर दिया। मजदूर रोता हुए घर जाने लगा। रास्ते में डाकुओं ने उसे रोक लिया और उसके पास जो थोड़ा-बहुत पैसा था, उसे भी लूट लिया। मजदूर ने उनसे गुहार की कि वे यह पैसा छोड़ दें, वह बहुत मुसीबत में है। उसने बेटी की शादी और राजा की वादाखिलाफी की बात बताई, तो डाकुओं के सरदार ने कहा, 'हम भले ही डाकू हैं पर हम भी इंसान हैं। तुम्हारी बेटी की शादी के लिए पैसे हम देंगे।" लेकिन मजदूर ने यह कहकर डाकुओं से पैसे लेने से इनकार कर दिया कि वह अपराध की कमाई नहीं लेगा। इतना सुनते ही डाकुओं के सरदार ने अपने चेहरे पर लिपटा कपड़ा हटा दिया। दरअसल वह राजा ही था, जो डाकू का वेश धरकर यह परखना चाहता था कि जिसे वह धन दे रहा है, वह वास्तव में इसके लिए पात्र है या नहीं। फिण उसने मजदूर को धन देकर धूम-धाम से उसकी बेटी की शादी कराई।