Sunday 9 September 2018

पत्थर पर दर्ज चेतावनियां


पुरातन शिलालेख केवल राजे-महाराजों के गुणगान या नियम-कायदे गिनाने तक सीमित नहीं थे। कहीं-कहीं ये प्राकृतिक आपदा से बचाने वाले संकेतकों का भी काम करते आए हैं।
***

हाल ही में योरप में पड़ी भीषण गर्मी के चलते जब कई नदियों का जलस्तर काफी नीचे चला गया, तो कुछ अनोखे पुरातन शिलालेख प्रकट हुए। इन पर लिखी इबारत एक प्रकार से लोगों को आगाह करती है कि अब सूखे का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल यह अतीत में पड़े सूखे के दौरान पत्थरों पर दर्ज चेतावनियां हैं। जिस प्रकार आज हम नदियों में 'खतरे का निशान" पाते हैं, जिसके ऊपर पानी आने से बाढ़ का खतरा होता है, उसी प्रकार ये शिलालेख जताते थे कि इस स्तर के नीचे पानी जाने से सूखे का खतरा रहेगा। यह तब की बात है, जब योरपीय समाज बस इतना अन्ना उगा लेता था कि जीवन निर्वाह हो जाए। ऐसे में सूखा पड़ने पर जीवन संकट में पड़ जाता था। इसलिए उस दौर के लोग आने वाली पीढ़ियों के लिए सूखे की पूर्व चेतावनी के तौर पर ये शिलालेख छोड़ गए। इन्हें सूखे के पत्थर या भूख के पत्थर भी कहा जाता है क्योंकि इनके प्रकट होने पर भूख का खतरा मंडराने लगता था।
इन शिलालेखों पर चेतावनी अलग-अलग अंदाज में लिखी गई है। मसलन, जर्मनी व चेक गणराज्य की सीमा पर पाए गए ऐसे ही एक शिलालेख पर लिखा है, 'जब तुम मुझे देखो, तो रोओ।" संदेश स्पष्ट है कि जब नदी का पानी इतना नीचे चला जाए कि यह शिलालेख दिखने लगे, तो संकट आसन्ना है। ऐसे कुछ शिलालेखों पर वे सन् भी अंकित हैं, जब-जब जल स्तर नीचे गया और ये प्रकट हुए थे। कुछ पर लिखने वालों के हस्ताक्षर भी हैं। आज योरप इतना संपन्ना हो चुका है कि एकाध साल के सूखे से उसकी अर्थव्यवस्था पर भले ही थोड़ा फर्क पड़े लेकिन जीवन-मृत्यु का मामला नहीं बनता। इसलिए अब जब भी ये शिलालेख प्रकट होते हैं, तो एक प्रकार से पर्यटकों के लिए आकर्षण भर रहते हैं। ये जताते हैं कि बीते दौर में पत्थरों पर दर्ज शब्द केवल किसी राजा का महिमागान ही नहीं करते थे या राजसी अथवा धार्मिक नियम-कायदों की सूची ही नहीं दर्शाते थे। ये आम जन की जीवन रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संकेतक का काम भी करते थे। साथ ही अतीत में आई प्राकृतिक विपदा के स्मारक भी बनते थे।
उधर जापान में समुद्रतट से लगे इलाकों में जगह-जगह पर सुनामी संबंधी चेतावनियां देने वाले शिलालेख खड़े मिलते हैं। इन पर कुछ इस प्रकार की इबारत लिखी होती है- 'भीषण सुनामियों को याद करो। इस बिंदु से निचले स्तर पर अपने मकान मत बनाओ।" जापान भूकंप प्रवण क्षेत्र है और कभी-कभी इन भूकंपों के कारण यहां सुनामी भी आती है। ऐसे में समुद्र की कातिल लहरों से बचने के लिए ऊंचाई वाले स्थान पर चले जाना ही बचाव का उपाय होता है। समझदारी इसी में है कि एक निश्चित स्तर से अधिक ऊंचाई पर ही लोग बसें। ये 'सुनामी पत्थर" बताते हैं कि अमुक ऊंचाई से नीचे सुनामी का खतरा रहेगा, इसलिए इसके नीचे बसाहट न हो।
पत्थर पर दर्ज ये चेतावनियां सदियों पुरानी हैं मगर आज भी अपनी जगह पर मुस्तैदी से डटी हैं। ये जीवन की नश्वरता व प्रकृति के सर्वशक्तिमान होने का आभास लगातार कराती हैं। साथ ही पूर्वजों में मौजूद, आने वाली पीढ़ियों के कुशलक्षेम की चिंता को भी दर्शाती हैं।

Sunday 2 September 2018

खरगोश ने सिखाया सिंह को दहाड़ना!


सिंह को न सिर्फ जंगल के राजा का खिताब मिला है, बल्कि कई राजवंशों ने इसे अपना प्रतीक भी बनाया है। मगर क्या यह संभव है कि उसकी दहाड़ के पीछे नन्हे-से खरगोश की करामात है...?
***

खूंखार शिकारी पशुओं के प्रति भय व 'परिस्थितिजन्य" सम्मान का भाव होना स्वाभाविक ही है। प्राणी जगत के शेष सदस्यों के साथ ही मनुष्यों ने भी यह भय व सम्मान पाला है। इन्हीं शिकारी पशुओं में शामिल है सिंह या बब्बर शेर, जिसे अनेक संस्कृतियों में जंगल के राजा का खिताब दिया गया है। शारीरिक बल के अलावा जो चीज सिंह को अन्य पशुओं से अलग करती है, वह है इसके चेहरे के आसपास लहराते बाल। ये इसकी शख्सियत को एक अनूठी 'गरिमा" देते हैं और आपको चेतावनी देते हैं कि आप इन जनाब को हल्के में कतई न लें।
मानव ने सिंह को हल्के में तो नहीं ही लिया। तमाम प्राचीन संस्कृतियों ने इसे भौतिक ताकत व राजनीतिक सत्ता के प्रतीक के रूप में अपनाया। कहीं यह राजसत्ता का प्रतीकचिह्न बना, तो कहीं इसे शासक के रक्षक के तौर पर प्रतिष्ठित किया गया। यहां तक कि कहीं-कहीं तो राजा को ही सिंह के रूप में चित्रित भी किया गया। मंदिरों, मठों, राजमहलों आदि के प्रवेश द्वारों पर सिंहों की मूर्तियां लगी होना आम बात थी। दिलचस्प बात यह है कि प्रतीक के रूप में सिंह चीन जैसे देश में भी स्थापित हैं, जो मूल रूप से सिंहों का निवास स्थल है ही नहीं। माना जाता है कि भारत से गए बौद्ध भिक्षुओं के माध्यम से चीनियों का सिंह से परिचय हुआ और फिर उन्होंने इस अनदेखे पशु को अपनी लोक संस्कृति में शामिल कर लिया।
सिंह की वास्तविक ताकत के प्रति श्रद्धा भाव रखते हुए जब मनुष्य संतुष्ट नहीं हुआ, तो उसे कुछ काल्पनिक या कहें मिथकीय ताकत भी बख्श डाली। इसी का उदाहरण है ग्रीक पौराणिक कथाओं में आने वाला नेमियन सिंह। कहा जाता है कि ग्रीस के नेमिया क्षेत्र में इस सिंह का जबर्दस्त खौफ व्याप्त था। यह टायफॉन नामक राक्षस व एचिडना नामक सर्प कन्या की संतान था। उसे यह वरदान प्राप्त था कि उसकी चमड़ी को मनुष्यों का कोई भी अस्त्र-शस्त्र बेध नहीं सकता। इस प्रकार वह अपराजेय था और पूरे नेमिया में अपना आतंक फैलाए रहता था। आखिरकार हर्कुलिस नामक योद्धा को उसे मारने के लिए भेजा गया। हर्कुलिस ने सिंह के, उसकी गुफा में जाने का इंतजार किया। फिर गुफा के दो में से एक द्वार को बंद कर दिया और दूसरे द्वार से खुद गुफा में जा पहुंचा। अंधेरे में उसने अपने विराट बाहुबल से सिंह का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
अफ्रीकी देश अंगोला में सिंह के बारे में बड़ी ही मजेदार कथा चली आई है। इसके अनुसार, पहले सिंह दहाड़ा नहीं करता था। वह बहुत ही धीमी आवाज निकालता था, जिससे उसके शिकारों को उसके आने की भनक ही नहीं लगती थी। एक दिन जंगल के सारे पशुओं ने कुछ ऐसा करना तय किया, जिससे सिंह जोरदार आवाज निकाला करे और उसकी आमद का पता चलते ही सब अपनी रक्षा में मुस्तैद हो सकें। खरगोश ने यह जिम्मा अपने सिर लिया। उसने सिंह से जाकर कहा कि महाराज, बुरी खबर है। आपके भाई गंभीर बीमार हैं और आपसे मिलने की ख्वाहिश रखते हैं। यह सुनते ही सिंह व्यथित हो गया और उसने खरगोश से कहा कि मुझे ले चलो मेरे भाई के पास। अब खरगोश भाई के पास ले जाने के बहाने सिंह को जंगल-जंगल घुमाता रहा। आखिर सिंह थककर चूर हो गया और कुछ देर आराम करने के लिए घास पर लेट गया। उसे नींद लग गई, तो खरगोश ने पास ही मधुमक्खी का छत्ता तलाश लिया। मधुमक्खियां बाहर गई थीं, सो खरगोश ने छत्ते से सारी शहद लूट ली और रास्ते में कुछ बूंदे छिड़कते हुए आकर सोते सिंह के पंजों पर शहद लगा दी। फिर वह जाकर झाड़ियों में छुप गया। शाम को जब मधुमक्खियां लौटीं और शहद को गायब पाया, तो वे आग-बबूला हो गईं। इधर-उधर तलाशने पर उन्हें सोते सिंह के पंजों पर शहद नजर आ गई। सो उसे ही शहद चोर समझते हुए मधुमक्खी सेना ने सिंह पर हमला कर दिया। हड़बड़ाकर जागा सिंह मधुमक्खियों के डंक से तड़प उठा और देखते ही देखते उसकी हल्की कराहें गगनभेदी दहाड़ों में बदल गई। बस, तभी से सिंह दहाड़ रहा है और उसकी दहाड़ से सारे प्राणी आगाह हो जाते हैं।