Sunday 30 October 2011

ये कानून ऊट-पटांगा..!


मोहम्मद बिन तुगलक अपने सनक भरे आदेशों के लिए आज भी कुख्यात हैं लेकिन तुगलकी आदेशों या कानूनों पर अकेले तुगलक का एकाधिकार नहीं है। दुनिया के आधुनिक लोकतांत्रिक देशों में भी ऊट-पटांग कानूनों की कमी नहीं है। ये कानून जब बने थे, तब क्या सोचकर बनाए गए थे, यह तो पता नहीं। हो सकता है कि इनके पीछे (या इनमें से कुछ के पीछे) कोई ठोस वजह रही हो लेकिन समय के साथ कब ये कानून पूर्णत: निरर्थक ही नहीं हास्यास्पद भी बन गए, यह उन देशों के कानून निर्माताओं को शायद पता ही नहीं चला। खास तौर पर ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा जैसे पुराने लोकतंत्रों में ऐसे कानूनों की भरमार है जिनके सिर-पैर का कोई अता-पता नहीं। हालाँकि इन कानूनों पर अमल नहीं किया जाता और सच तो यह है कि आम जनता की तो छोड़िए, स्वयं कानून के अधिकांश रक्षकों को भी पता ही नहीं है कि ऐसे कानून अभी अस्तित्व में हैं, फिर भी सच तो यह है कि चूँकि इन्हें समाप्त नहीं किया गया है, अत: तकनीकी तौर पर अब भी ये कानून कानून ही हैं और इनका उल्लंघन करने पर सजा हो सकती है!
अब ब्रिटेन के इस कानून को ही लीजिए, जो कहता है कि संसद के दोनों में से किसी भी सदन में मरना, जी हाँ मरना गैर-कानूनी है! यूँ वहाँ यह भी कानून है कि जिस किसी का भी निधन संसद भवन में हो उसकी राजकीय सम्मान से अंत्येष्टि की जाएगी। अब अगर कुछ लोग यह सोचते हैं कि राजकीय सम्मान से होने वाली अंत्येष्टि पर खर्च बचाने के ही लिए संसद ने सदन में मरने संबंधी कानून पारित किया, तो आप उन्हें दोष नहीं दे सकते। ब्रिटेन में ही ऐसा एक और कानून है कि आप क्रिसमस पर मिन्स पाय नामक पकवान नहीं खा सकते! अब बताइए, त्योहार के दिन क्या खाएँ-क्या खाएँ, यह भी सरकार तय करेगी! अँगरेज अपने शाही परिवार को लेकर जरा संवेदनशील हैं, यह तो आप जानते ही होंगे। यह संवेदनशीलता किस हद तक गई है, यह भी जान लीजिए। वहाँ अगर आपने सम्राट या साम्राज्ञी के चित्र वाले डाक टिकट को उल्टा चिपका दिया, तो आप पर देशद्रोह का मुकदमा भी चल सकता है। सम्राट-साम्राज्ञी को कई विशेषाधिकार भी प्राप्त हैं। मसलन यदि ब्रिटेन के समुद्र तट पर कोई मृत व्हेल पाई गई तो उसके सिर पर महाराज का और पूँछ पर महारानी का अधिकार होगा।
अपने भूतपूर्व सम्राट को लेकर फ्रांस में भी जरा संवेदनशीलता देखी जा सकती है। वहाँ आप सूअर पाल तो सकते हैं लेकिन उसका नाम 'नेपोलियन" नहीं रख सकते! उधर स्कॉटलैंड में यदि आप अपनी गाय के साथ कहीं जा रहे हैं, तो आपका नशे में होना गैर-कानूनी है। रविवार को मछली पकड़ना भी गैर-कानूनी है। यही नहीं, स्कॉटलैंड में तो एक कानून यहाँ तक कहता है कि यदि कोई अजनबी आपका द्वार खटखटाकर आपका शौचालय इस्तेमाल करने की अनुमति माँगे तो आप उससे इंकार नहीं कर सकते।
कनाडा भी ऊट-पटांग कानूनों के मामले में किसी से पीछे नहीं है। यहाँ के नोवा स्कोशिया प्रांत में एक कानून है कि जब बारिश हो रही हो तब आप अपने लॉन में पानी का छिड़काव नहीं कर सकते। अब बताइए, ऊपर वाला जब स्वयं लॉन को पानी दे रहा है तो आपको क्या पड़ी है कि आप रेनकोट पहनकर बारिश में खड़े-खड़े घास को पानी डालेंगे! लेकिन विद्वान सांसदों को ऐसा कानून बनाना जरूरी लगा, सो उन्होंने बना डाला। कनाडा में ही बीकन्सफील्ड नामक स्थान पर अपने मकान को दो से ज्यादा रंगों में रंगना दंडनीय अपराध है। ओंटेरियो प्रांत के कनाटा शहर में घर के पिछवाड़े कपड़े सुखाने की रस्सी बाँधना सख्त मना है!
स्विट्जरलैंड भले ही स्वर्ग तुल्य माना जाता हो लेकिन यह किसने कह दिया कि स्वर्ग में सिर्फ समझदारी वाले कानून ही चलते हैं? यहाँ रविवार को कपड़े सुखाना, कार धोना या घास काटना मना है। यदि आप बहुमंजिला इमारत में रहते हैं तो रात के 10 बजे बाद आप अपने शौचालय का फ्लश नहीं वापर सकते। यूँ तो धोखाधड़ी लगभग हर देश में अपराध ही है लेकिन इटली का कानून स्पष्ट करता है कि 'धोखाधड़ी का पेशा" करना गैर-कानूनी है। यहाँ पुरुषों द्वारा स्कर्ट पहनने के खिलाफ भी कानून है!
चलिए, अब रुख करते हैं बे सिर-पैर के कानूनों के महारथी यानी अमेरिका की तरफ। या तो यहाँ के कानून निर्माताओं को शुरू से ही अजीबोगरीब कानून बनाने का चस्का रहा है या फिर शायद आज के अमेरिकी अपने ऊट-पटांग कानूनों को खोद निकालने और उनके बारे में चर्चा करने के कुछ ज्यादा ही शौकीन हैं। जो भी हो, ऐसे सबसे ज्यादा अमेरिकी कानून ही ज्ञात हैं। मसलन कैलिफोर्निया राज्य में अगर कोई चूहा आपको परेशान कर रहा है और आप उसे मारना चाहते हैं तो संभल जाइए, पहले आपको पशुओं के शिकार का लाइसेंस बनवाना पड़ेगा! लॉस एंजिलिस में तो एक कानून में यह स्पष्ट किया गया है कि बैंक लूटने के दौरान किसी बैंक कर्मचारी पर पानी की पिस्तौल चलाना मना है। एरिजोना के एक जिले में यदि कोई व्यक्ति साबुन चुराता पकड़ा गया तो उसे स्वयं नहा-नहाकर उस साबुन को खत्म करना होगा। अलबामा में आँखों पर पट्टी बाँधकर वाहन चलाना अपराध ठहराना जरूरी समझा गया, तो टेनिसी में सोते वक्त कार चलाना। कनेक्टिकट में सूर्यास्त के बाद उल्टे पैर चलना गैर-कानूनी है और हाँ, यहाँ आप अपने कुत्तों को 'शिक्षित" नहीं कर सकते क्योंकि यह भी कानून के खिलाफ है।
फ्लोरिडा राज्य के कानून निर्माता तो कुछ ज्यादा ही कल्पना शक्ति वाले रहे हैं। यहाँ अविवाहित महिलाओं द्वारा रविवार दोपहर को पैराशूट से छलाँग लगाने पर पाबंदी है। तैराकी करते हुए हिरण का शिकार करना भी मना है। और तो और यहाँ आप एक दिन में तीन से ज्यादा काँच के बर्तन नहीं तोड़ सकते और चार से अधिक कप या सॉसर को खरोंच नहीं लगा सकते। यहां के मियामी शहर में जानवरों की नकल करना कानूनन अपराध है। इसी प्रकार इलिनोआ राज्य ने कानून बनाकर ऐसी कार चलाने पर पाबंदी लगा दी है जिसमें स्टेयरिंग व्हील हो! शिकागो में ऐसी इमारत में भोजन करना मना है जिसमें आग लगी हो। यदि कोई मुर्गा बांग देना चाहे तो उसका किसी भी रहवासी स्थान से कम से कम 300 फुट दूर होना कानूनन अनिवार्य है। अरबाना नामक नगर में तो किसी राक्षस के नगर में प्रवेश को निषिद्ध करने के लिए भी कानून बनाया गया है। कैन्सास का एक कानून कहता है कि आप अपनी बेटी के बॉयफ्रेंड को बंदूक से डरा नहीं सकते। इंडियाना में सर्दियों में नहाना मना है तो केंटकी में साल में कम से कम एक बार और वर्मोन्ट में सप्ताह में एक बार नहाना अनिवार्य है। मैसाचुुसेट्स में आप खर्राटे तभी ले सकते हैं जब आपके बेडरूम की सारी खिड़कियाँ बंद हों। मिशिगन में पत्नी के बालों पर पति का हक माना गया है। अत: पति की अनुमति के बिना बाल कटवाना वहाँ अपराध है। नेब्रास्का में यदि किसी बच्चे को चर्च में डकार जाए तो उसके अभिभावकों को गिरफ्तार किया जा सकता है। ओकलाहोमा में कुत्ते को मुँह चिढ़ाने पर आपको जेल जाना पड़ सकता है।
शुक्र मानिए कि हमारे भारत में अभी ऐसे कानून नहीं हैं वर्ना क्या पता आप जो पढ़ रहे हैं, वैसे लेख पढ़ना ही गैर-कानूनी घोषित हो जाता!