Sunday 26 August 2018

क्या आपने माफी मांगी...?

गलती के लिए माफी मांगने की लंबी रही है। कहीं इसके लिए स्पष्ट तौर-तरीके निर्धारित हैं, तो कहीं बिना सोचे-समझे और बिना गलती किए माफी मांगने की आदत भी है!
***

इंसान से गलती हो ही जाती है और सभ्यता का तकाजा है कि वह अपनी गलती के लिए क्षमा मांग ले। पुणे के पास स्थित पिंपरी चिंचवड़ के एक युवा ने पिछले दिनों इसी का पालन किया। गर्लफ्रैंड के साथ झगड़ा हो जाने के बाद उसे अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने गर्लफ्रैंड से माफी मांगने का फैसला किया। इसके लिए उसने जो तरीका अपनाया, वह बड़ा नाटकीय रहा। उसकी गर्लफ्रैंड के जिस रास्ते से निकलने की संभावना थी, उस रास्ते पर उसने 'आई एम सॉरी" लिखे 300 से ज्यादा बैनर लगवा दिए। रात के अंधेरे में दर्ज किए गए इस माफीनामे को सुबह जब पूरे शहर ने देखा, तो चारों ओर इसकी चर्चा चल पड़ी। किसी ने प्रेमी की दिलेरी की तारीफ की, तो किसी ने इसे सार्वजनिक स्थल का दुरुपयोग माना। हां, पुलिस को माफीनामे का यह तरीका रास नहीं आया।
माफी मांगने को हमारे यहां व कई अन्य संस्कृतियों में भी बड़प्पन की निशानी माना गया है। क्षमायाचना के माध्यम से हम अपराध बोध से मुक्त होकर नई शुरुआत कर सकते हैं। यह उस व्यक्ति का विश्वास फिर से हासिल करने का साधन भी बन सकता है, जिसके साथ हमने गलत किया है। क्षमा मांगने व किसी को क्षमा करने की कई यादगार मिसालें हमारे इतिहास व परंपराओं में दर्ज हैं। जैन धर्म में हर वर्ष मनाए जाने वाले क्षमा पर्व का खास स्थान है।
जापान में माफी मांगना शिष्टाचार का अनिवार्य अंग माना जाता है। वहां के लोगों के व्यवहार में क्षमायाचना का भाव इस कदर झलकता है कि कई विदेशियों को यह अनूठा, यहां तक कि अटपटा भी लगता है। खास बात यह है कि जापान में माफी मांगना किसी गलत काम की स्वीकारोक्ति नहीं, बल्कि शिष्टाचार व विनम्रता का संकेत माना जाता है और विनम्रता जापानी संस्कृति में बेहद महत्वपूर्ण गुण माना गया है। इसीलिए वहां की भाषा में क्षमायाचना के लिए कई अलग-अलग शब्द निर्धारित हैं। सामने वाले की उम्र, उससे आपके परिचय के स्तर और घटनाक्रम की परिस्थिति के हिसाब से तय होता है कि आपको माफी मांगने के लिए कौन-से शब्द या शब्दों का उपयोग करना है। इसके साथ ही शारीरिक मुद्रा का भी अहम स्थान होता है। यूं तो जापानी एक-दूसरे के अभिवादन में भी थोड़ा झुकते हैं लेकिन माफी मांगने के लिए अधिक झुका जाता है व अधिक देर के लिए झुका जाता है।
जापान की ही तरह, पड़ोसी चीन के गुआंगझाऊ क्षेत्र में भी माफी मांगने के लिए कई शब्द व वाक्यांश निर्धारित हैं। अपनी गलती के लिए आप कितनी ग्लानि महसूस कर रहे हैं, इसके आधार पर तय होता है कि आप किन शब्दों में माफी मांगेंगे। इनमें 'क्षमा करना" से लेकर 'मुझसे गलती हो गई, मुझे सजा दो" तक शामिल है।
ब्रिटिश लोगों की भी ख्याति बात-बात पर क्षमायाचना के लिए रही है। 'सॉरी" कहना किस कदर उनके अवचेतन में रच-बस गया है, यह कुछ समय पहले मानवशास्त्री केट फॉक्स द्वारा किए गए एक प्रयोग से सामने आया। केट कई शहरों-कस्बों में घूम-घूमकर राह चलते लोगों से जान-बूझकर टकराती गईं। उन्होंने पाया कि लगभग 80 प्रतिशत लोगों ने टकराने के लिए 'सॉरी" कहा, इसके बावजूद कि दोष केट का था, न कि उनका! इनमें से बड़ी संख्या में लोग बिना कुछ सोचे 'सॉरी" बोल रहे थे या फिर अपनी ही धुन में 'सॉरी" बोलते हुए निकल रहे थे। यानी जिनमें वास्तव में क्षमा का भाव नहीं था, वे भी आदतन यह शब्द बोल रहे थे।
हां, ब्रिटेन ने सदियों तक भारत समेत दुनिया के अनेक देशों पर जो अत्याचार किए, उसके लिए आधिकारिक क्षमायाचना का अब भी उसके तमाम पूर्व उपनिवेशों को इंतजार है। इन्हीं में से एक उपनिवेश ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने जरूर वहां के मूल निवासियों पर किए गए जुल्मों के लिए आधिकारिक रूप से माफी मांगी है और इसी की स्मृति स्वरूप वहां अब हर साल 26 मई को राष्ट्रीय क्षमा दिवस मनाया जाता है।

Sunday 19 August 2018

दांतों से नियंत्रित होता भाग्य!


दांत का टूटकर गिरना हमारे लिए खास घटना रहता आया है। कारण है दांतों में रूहानी ताकत व जादुई शक्तियां होने का विश्वास। इससे उपजे हैं दांत संबंधी अनेक रिवाज और मिथक।
***

एक समय था, जब योरप के लोग दृढ़ता से मानते थे कि यदि हमारा एक भी दांत किसी डायन या जादूगरनी के हाथ लग जाए, तो वह इसके माध्यम से हमारे भाग्य को नियंत्रित कर सकती है। इसलिए टूटे हुए दांतों का क्या किया जाए, यह एक अहम प्रश्न था। यह प्रश्न तब और भी अहम हो जाता था, जब बच्चे दूध के दांत गिरने के दौर से गुजर रहे होते। इसलिए इन दांतों को 'ठिकाने लगाने" के कुछ खास तरीके ईजाद किए गए। कहीं दांतों को जमीन में गाड़ दिया जाता, तो कहीं आसमान में उछाल दिया जाता। मध्ययुगीन इंग्लैंड में बच्चे के दांत को जला दिया जाता था। लोगों का विश्वास था कि यदि टूटकर शरीर से अलग हुए दांत का ठीक से निपटारा न किया गया, तो मृत्यु के बाद उसकी आत्मा दांत की तलाश में अनंतकाल तक भटकती रहेगी!
चूहे, गिलहरी आदि जैसे जीवों की ख्याति उनके मजबूत दांतों के लिए है। इसलिए इंसानी दांतों संबंधी कई मिथक भी किसी--किसी तरह इनसे जुड़े हैं। कुछ पश्चिमी देशों में टूटे हुए दांत को चूहे को 'खिलाने" का रिवाज था। लोग मानते थे कि यदि बच्चे का दूध का दांत किसी चूहे या गिलहरी को खिला दिया जाए, तो बच्चे को आने वाला स्थायी दांत खूब मजबूत व टिकाऊ होता है। माना जाता है कि टूटे दांत के बदले बच्चे को पैसे या कोई तोहफा देने की परंपरा स्कैंडिनेवियाई देशों से शुरू हुई। बाद में यह परंपरा अलग-अलग रूपों में कई अन्य देशों में फैली। दांत टूटने पर माता-पिता उसे बच्चे के तकिए के नीचे रख देते। फिर जब बच्चा सो जाता, तो तकिए के नीचे से दांत को हटाकर कुछ पैसे या तोहफा रख देते। बच्चे के जागने पर उससे कहा जाता कि यह टूटे दांत के एवज में दंत परी या चूहा या फिर कोई और छोड़ गया है। अर्जेंटीना में तो दांत ले जाने वाले चूहे का खास खयाल रखा जाता है। दांत को बच्चे के सिरहाने रखा जाता है और पास में पानी का ग्लास भी रखा जाता है ताकि जब चूहा दांत लेने आए, तो पहले अपनी प्यास बुझाए, फिर दांत लेकर अपने सफर पर आगे बढ़े! जागने पर बच्चा पाता है कि ग्लास में पानी की जगह रुपए रखे हैं, जो चूहा उनके लिए छोड़ गया है।
दांतों को शरीर के सबसे मजबूत अंगों में माना जाता आया है। कई लोगों के बीच तो यह धारणा भी रही है कि दांत अनश्वर होते हैं। इसके चलते दांत को माला में पिरोकर पहनने का रिवाज भी पनपा। युद्ध में अपनी रक्षा की खातिर सैनिक इस तरह की दांतों वाली माला या तावीज पहनकर जाते! दांतों में भौतिक ताकत ही नहीं, रूहानी ताकत के भी होने का विश्वास अनेक संस्कृतियों में व्याप्त था। दक्षिण अमेरिका की माया सभ्यता के लोग अपने दांतों की रूहानी ताकत बढ़ाने के लिए इनमें फिरोजा व जेड जैसे रत्न जड़ते थे।
कहीं-कहीं दांतों की जमावट के आधार पर भविष्य दर्शन का भी दावा किया जाता है। नॉर्वे में ऐसी मान्यता है कि यदि आपके दांत एक-दूसरे से दूर-दूर हैं, तो आप दूर देशों की यात्राएं करेंगे। वहीं, यदि आपके दांत एक-दूसरे के बहुत पास-पास हैं, तो आप हमेशा अपने घर व प्रियजनों के करीब रहेंगे। यदि आपके दांत एक-दूसरे के ऊपर चढ़ रहे हों, तो आप कंजूस निकलेंगे। यह तो हुई नॉर्वे के लोगों की मान्यता। हांग कांग के लोग मानते हैं कि यूं एक-दूसरे पर चढ़ रहे दांतों वाले लोग झगड़ालू होते हैं!