Sunday 18 June 2017

क्यों गरजता-चमकता है आसमान?

बादलों के गरजने व बिजली के चमकने को हम इस मौसम में सामान्य रूप में लेते हैं मगर जनश्रुतियों में इनके पीछे कुछ बड़े असामान्य-से कारण बताए गए हैं...
***

बारिश का मौसम यानी बादलों के गरजने और आसमान में बिजली के कड़कने का मौसम। काले बादलों से आच्छादित आसमान में चमकती बिजली और कंपकपा देने वाली गर्जना प्रकृति के किसी महानाट्य को जीवंत कर देती है। तर्क और तथ्य के धरातल पर खड़े विज्ञान ने इस महानाट्य के पीछे जो कारण गिनाए सो गिनाए, मगर मानव की कल्पनाशक्ति ने भी इसमें अपने रंग भरे हैं।
नाइजीरिया की एक लोक कथा के अनुसार, बहुत पहले गर्जना एक भेड़ थी और विद्युत उसका पुत्र मेढ़ा था। दोनों धरती पर ही रहते थे लेकिन राजा के आदेशानुसार उन्हें शहर के बाहरी इलाके में रहना पड़ता था। इसका कारण था मेढ़े का गर्म स्वभाव। जब भी उसे गुस्सा आता, वह लोगों के घर जला डालता, पेड़ नष्ट कर देता और यहां तक कि कभी-कभी तो मनुष्यों को भी मार देता। उसकी मां भेड़ उसे रोकने का भरसक प्रयास करती। वह अपनी रौबदार आवाज में उससे शांत होने और वापस आने को कहती। आखिरकार जब मेढ़े की बदमिजाजी से लोग आजिज आ गए, तो उन्होंने राजा से शिकायत की और राजा ने मां-बेटे दोनों को जंगल में जाकर रहने का फरमान सुनाया। मगर मेढ़ा कहां सुधरने वाला था! गुस्सा आने पर वह यहां भी नुकसान करता फिरता। उसके कारण कई बार जंगल में आग लग जाती। तब राजा ने उन दोनों को धरती छोड़ आसमान में रहने का हुक्म सुनाया। आकाश में जा बसने के बाद भी विद्युत का मिजाज नहीं बदला। वह अब भी इधर-उधर आग गिराता रहता है और उसकी मां उसे रोकने के लिए गरजती है...
अमेरिकी आदिवासी समुदाय में बादलों की गर्जना का एक अन्य मजेदार कारण बताया गया है। ये लोग मानते हैं कि जंगलों में दूर कहीं गर्जन का गांव है। यहां रहने वाले तिलस्मी लोग ही आसमानी गर्जना कराते हैं। समय-समय पर इनका मुखिया इन्हें आदेश देता है कि इन्हें कहां जाकर कितनी देर तक गरजना है। तब ये सब अपने शरीर पर जादुई पंख धारण कर निकल पड़ते हैं गरजने को। दरसअल, इनके पंखों के फड़फड़ाने की आवाज ही गर्जन के रूप में सुनाई देती है। अक्सर ये अपने पंख धारण कर आसमान में गेंद से खेलते हैं। तब हमें बहुत देर तक इनकी आवाज सुनाई देती रहती है। ये चिलम पीने के भी शौकीन होते हैं और इनकी चिलम हमें आसमानी बिजली के रूप में नजर आती है!

एक अन्य अमेरिकी दंतकथा के अनुसार, एक बार दो नन्हे भाई-बहन राह भटककर अनजान गांव में पहुंच गए। वहां के लोगों ने उन्हें आश्रय दिया, भोजन-पानी दिया। साथ ही उन्हें बताया कि यह गांव अंधकार को अभिशप्त है। रोज सुबह एक क्रूर पक्षी यहां आकर अपना जादुई गीत गाता है, जिसके कारण गांव में सूरज नहीं उगता। यदि कोई इस पक्षी को भगाने का प्रयास करे, तो वह उसका सिर काटकर धड़ से अलग कर देता है। अगली सुबह बालक उस पक्षी को ललकारने जा पहुंचा और अपनी तीक्ष्ण बुद्धि से उसे छकाकर, मौका पाते ही उसका सिर चाकू से काटकर अलग कर दिया। कृतज्ञ गांववालों ने उसे एक विशाल चमचमाती तलवार भेंट की और उसकी बहन के लिए विशाल गेंद ले आए। आज जब यह बालक अपनी तलवार लहराता है, तो वह हमें आसमानी बिजली के रूप में दिखाई देती है। और जब भाई-बहन अपनी विशाल गेंद को लुढ़काकर खेलते हैं, तो हमें उसकी गर्जना सुनाई देती है...

Sunday 4 June 2017

जब प्रेतात्माएं बनें दूल्हा-दुल्हन!

यदि आपको किसी के मरणोपरांत विवाह में आमंत्रित किया जाए, तो कैसा लगेगा? चौंक गए ना? मगर कुछ देशों में ऐसे विवाह होते आए हैं और अब भी हो रहे हैं...!
***

क्या प्रेतात्माएं भी शादी करती हैं? यह प्रश्न अजीब लग सकता है मगर अजूबों से भरी इस दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं। जी हां, कुछ देशों में ऐसे विवाहों की भी परंपरा है, जिनमें दूल्हा या दुल्हन या फिर दोनों ही अब इस संसार में नहीं रहे। चीन, जापान, कोरिया व सूदान जैसे देशों में ऐसी परंपरा रही है और फ्रांस में यह तुलनात्मक रूप से नई पहल है। संभवत: इस किस्म की सबसे प्राचीन परंपरा चीन में रही है, जहां यह करीब 2200 साल पहले शुरू हुई। चीनी समाज में विवाह परंपरा का महत्व इस कदर था कि किसी अविवाहित के मृत्यु को प्राप्त होने पर उसकी आत्मा को चैन न मिलने का अंदेशा लोगों को रहता था। यह भी माना जाता था कि दिवंगत के अविवाहित रह जाने पर उसके परिवार पर किसी--किसी प्रकार की विपदा आ सकती है। इसलिए उसका विवाह कराना जरूरी हो जाता है। अमूमन अविवाहित दिवंगत के लिए कोई अविवाहित दिवंगत जोड़ीदार ही ढूंढा जाता और पूरे रस्मो-रिवाज से विवाह संपन्ना कराया जाता। हैरत की बात तो यह है कि आज के दौर में भी इस परंपरा के पालन की घटनाएं सामने आती रहती हैं, हालांकि इसे कानूनन अवैध घोषित कर दिया गया है!
इस तरह का 'प्रेत विवाह" उस स्थिति में भी किया जाता है, जब किसी व्यक्ति की सगाई तो हो गई हो लेकिन शादी से पहले ही वह चल बसा हो। यदि पुरुष का देहांत हुआ हो, तो उसका मरणोपरांत विवाह कराने से न केवल उसकी आत्मा को शांति मिलती है, बल्कि उसकी मंगेतर को उसकी ब्याहता होने के सारे अधिकार प्राप्त हो जाते हैं। अक्सर ऐसे विवाह में दूल्हे के प्रतीक स्वरूप एक सफेद मुर्गा विवाह मंडप में बिठाया जाता है। इसी प्रकार यदि सगाई के बाद महिला की मृत्यु हो जाए, तो उसका विवाह करना जरूरी माना जाता है क्योंकि अंतिम संस्कार की रस्में ससुराल पक्ष द्वारा ही अदा की जाती हैं। ऐसे में जो रस्म निभाई जाती है, उसमें विवाह और शवयात्रा के मिले-जुले तत्व होते हैं। मरणोपरांत विवाह की रस्म चीन में इसलिए भी व्याप्त रही है क्योंकि छोटे भाई या बहन की शादी तब तक नहीं की जाती, जब तक कि बड़े की न हो जाए। फिर भले ही बड़े भाई या बहन की शादी मरणोपरांत क्यों न हो!
जापान में भी मरणोपरांत विवाह की रस्म होती है मगर वहां दिवंगत का विवाह किसी जीवित व्यक्ति से करने के बजाए गुड्डे या गुड़िया के साथ किया जाता है। कांच के आवरण के भीतर दिवंगत व्यक्ति का चित्र तथा उसकी पत्नी/ पति के प्रतीक स्वरूप गुड़िया/ गुड्डे को रखा जाता है।
अफ्रीकी देश सूदान के एक समुदाय में मरणोपरांत विवाह थोड़ा अलग होता है। वहां यदि कोई पुरुष बिना शादी के मृत्यु को प्राप्त होता है, तो उसके भाई या अन्य रिश्तेदार से ही उसकी मंगेतर की शादी कर दी जाती है। मगर यह भाई या अन्य रिश्तेदार यहां केवल दिवंगत का प्रतिनिधि भर होता है। महिला को उससे जो बच्चे होते हैं, उनका पिता उस दिवंगत व्यक्ति को ही माना जाता है।

फ्रांस यूं तो पश्चिमी विश्व के आधुनिकतम देशों में से एक है लेकिन एक तरह के मरणोपरांत विवाह का चलन वहां भी है और यह पूरी तरह वैध भी है। प्रथम विश्व युद्ध में बड़ी संख्या में शहीद हुए सैनिकों की मंगेतरों ने उनके मरणोपरांत उनसे विवाह रचाया था। फिर 1959 में एक बांध फूटने से 423 लोग मारे गए। जब तत्कालीन राष्ट्रपति चार्ल्स द गॉल घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे, तो एक महिला ने उनसे गुजारिश की कि उसे इस त्रासदी में मारे गए अपने मंगेतर से शादी करने की अनुमति दी जाए। राष्ट्रपति इस पर द्रवित हो उठे और कुछ ही दिन बाद संसद में कानून बनाकर ऐसे विवाह का रास्ता साफ कर दिया गया। हालांकि इसके लिए राष्ट्रपति से अनुमति लेनी पड़ती है और कई शर्तों पर खरा उतरना होता है।