Sunday 8 July 2018

जब नाच उठा सूखे का भय और बह निकली नदी


बारिश कराने के लिए कोई नृत्य करता है, तो कोई देवताओं को दावत देता है। हर हाल में बरसात पाकर रहने के लिए हमारे पूर्वजों ने कोई कसर नहीं छोड़ी है...
***

उत्तर अमेरिका के एक समुदाय में प्रचलित जनश्रुति के मुताबिक, एक बार ऐसा सूखा पड़ा कि कई महीनों तक बारिश ही नहीं हुई। मैदान सूख गए, नदी सूख गई, पशु मरने लगे। लोग आसमान ताकते रहते लेकिन कोई राहत नहीं मिलती। धीरे-धीरे पूरे इलाके में 'भय" का राज होने लगा। हर किसी पर यह हावी होने लगा। फैलते-फैलते चारों ओर भय फैल गया। बस, गांव के बाहरी छोर पर वह स्थान इससे बचा रह गया, जहां बच्चे खेलते थे और बुजुर्ग गपियाते थे। जब भय वहां जा पहुंचा, तो बच्चों ने उसे आश्चर्य से देखते हुए बुजुर्गों से पूछा कि यह कौन आया है? बुजुर्गों ने बताया कि यह भय है। जब बच्चों ने पूछा कि क्या यह हमारे साथ खेलने आया है, तो बुजुर्ग बोले, 'यह तो खेलना भूल चुका है।"
बच्चों ने सोचा कि कुछ ऐसा किया जाए कि भय को फिर से खेलना आ जाए। तय हुआ कि वे नृत्य करेंगे, तो शायद भय फिर से खेलने लगे। बच्चों ने नृत्य करना शुरू किया। बुजुर्ग भी गीत गाते हुए उनका साथ देने लगे। जब इनके नृत्य व गीत की आवाज आसपास के गांवों तक पहुंची, तो लोग देखने आए कि क्या माजरा है। देखते ही देखते वे भी नृत्य में शामिल हो गए। इस प्रकार नृत्य का सिलसिला चलता रहा। आखिरकार भय भी खुद को रोक न सका और सबके साथ थिरकने लगा। उसकी आंखों से आंसू बहने लगे और होंठों पर हंसी लौट आई। उसके साथ-साथ नृत्य करने वाले लोगों के भी आंसू बहने लगे। तभी हवा वहां आई और सारा नजारा देखकर न सिर्फ दूर-दूर से पशु-पक्षियों को बुला लाई, बल्कि खुद भी नृत्य में शामिल हो गई। सभी नाचे जा रहे थे और आंसू बहाए जा रहे थे। इन सबके आंसू धरती पर पड़ते गए और देखते ही देखते सूखी नदी फिर पानी से भर गई।
यह कहानी उत्तर अमेरिका के आदिवासी समुदायों में प्रचलित रही उस परंपरा से जोड़ी जाती है, जिसमें वर्षा का आह्वान करने के लिए विशेष नृत्य किया जाता है। दरअसल, जीवन के लिए वर्षा का महत्व तो मनुष्य काफी पहले ही जान चुका था लेकिन लंबे समय तक वह इससे अवगत नहीं था कि मौसम चक्र कैसे चलता है और बारिश कैसे होती है। सो जीवनदायी बरसात जब रूठी हुई लगे तो उसे मनाने के भांति-भांति के टोटके तलाशे गए। ऐसे ढेरों टोटके हमारे देश में अब भी अपनाए जाते देखे जा सकते हैं। अन्य देशों-संस्कृतियों में भी बारिश कराने के लिए विभिन्ना प्रकार के उपाय किए जाते रहे हैं। दक्षिण अमेरिका की माया सभ्यता में वर्षा के देवता चाक को प्रसन्ना करने के लिए आलीशान दावत का आयोजन किया जाता था। वहीं कई स्थानों पर इसके लिए बलि देने का चलन भी रहा है। कई देशों में ऐसे जादूगर/ ओझा होते थे, जो वर्षा करा सकने का दावा करते थे। समाज में इनका विशेष स्थान हुआ करता था। कुछ अफ्रीकी देशों में तो बारिश कराना खानदानी पेशा भी हुआ करता था!
थाइलैंड में एक अजीबोगरीब परंपरा रही है, जिस पर पशु क्रूरता के खिलाफ लड़ने वालों को आपत्ति भी हो सकती है। वहां जब लंबे समय तक बारिश नहीं होती है, तो एक बिल्ली को टोकरी में रखकर गांव भर में उसका जुलूस निकाला जाता है। जिन-जिन घरों के सामने से जुलूस निकलता है, वहां से बिल्ली पर पानी फेंका जाता है। लोग मानते हैं कि पानी पड़ने से चिढ़कर/ घबराकर बिल्ली जो 'म्याऊं-म्याऊं" करती है, उससे बारिश होने लगती है!

No comments:

Post a Comment